कुर्ला–शालीमार एक्सप्रेस की चपेट में आकर ट्रैक मेंटेनर की मौत

घाघरा–मनोहरपुर के बीच हादसा, ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा पर उठे सवाल


मनोहरपुर : सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते चक्रधरपुर रेल मंडल के मनोहरपुर–घाघरा सेक्शन में एक दर्दनाक रेल हादसे में रेलवे ट्रैक मेंटेनर की जान चली गई। ट्रेन संख्या 18029 डाउन कुर्ला–शालीमार एक्सप्रेस की चपेट में आने से ट्रैक मेंटेनर मंगल केरकेट्टा की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रेलखंड के किलोमीटर संख्या 369/3A–5A के पास थर्ड लाइन पर हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक मेंटेनर मंगल केरकेट्टा मैन के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार से गुजर रही कुर्ला–शालीमार एक्सप्रेस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद रेलकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।इस घटना पर ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए रेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। यूनियन द्वारा बार-बार यह मांग की जा रही है कि ट्रैक मेंटेनरों को जान की सुरक्षा के लिए ‘रक्षक डिवाइस’ शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।चांद मोहम्मद ने कहा कि जब ट्रैक मेंटेनर ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो वे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक चक्रधरपुर मंडल में 11 ट्रैक मेंटेनरों की जान जा चुकी है, जो अत्यंत चिंताजनक और दुखद है। यूनियन ने इस हादसे की कड़ी निंदा करते हुए चक्रधरपुर मंडल में अविलंब रक्षक डिवाइस उपलब्ध कराने और ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Most Viewing Articles

सरहुल पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की गौरवशाली घरोहर. :-जोबा मांझी. मनोहरपुर-सरहुल पूजा महोत्सव पर, तिरला सरना स्थल से निकाली गई भव्य शोभा यात्रा.

मनोहरपुर-8 माह से वेतन नहीं मिलने से,काला बिल्ला लगाकर आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं ने जताया रोष.

मनोहरपुर-ग्राम बरंगा के तीन छात्र, नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2025 में हुए सफल.