आनंदपुर में लगातार बारिश से मिट्टी का मकान ढहा, परिवार सुरक्षित
मनोहरपुर, पश्चिम सिंहभूम – आनंदपुर प्रखंड में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। गुरुवार की अहले सुबह इस बारिश का असर ग्राम चिरुमाठा में देखने को मिला, जहां निवासी देवचरण गाजी का मिट्टी से बना मकान अचानक ढह गया। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, मकान के साथ-साथ घर में रखे कई घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार की मदद की। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को पुनर्वास सहायता प्रदान करने की मांग की है।वहीं लगातार बारिश से क्षेत्र में कई कच्चे मकानों को खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द राहत और बचाव की ठोस व्यवस्था करने की अपील की है।