आनंदपुर में हाथियों के उत्पात से प्रभावित 12 ग्रामीणों को 12.62 लाख रुपये मुआवजा
मनोहरपुर : आनंदपुर प्रखंड में हाथियों के उत्पात से प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया गया है। बुधवार को आनंदपुर डाक बंगला में आयोजित समारोह में मनोहरपुर के विधायक जगत माझी की उपस्थिति में 12 प्रभावित ग्रामीणों के बीच कुल 12,62,662 रुपये की मुआवजा राशि का वितरण किया गया।जानकारी के अनुसार प्रखंड के रायकेरा, बांदुनासा , चौडारापा , कोंजाली , पतियार, बेडाईंचिडा, तराईसोल, बुनुमदा, रुंधी, गोयराबेड़ा समेत अन्य गांवों में हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाया था। इस दौरान धान की फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा, वहीं कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए। सबसे दुखद घटना रुंधी गांव की रही, जहां हाथी के हमले में एक बुजुर्ग सेम लुगुन की मौत हो गई थी। विधायक जगत माझी ने सेम लुगुन के परिजनों सहित कुल 12 पीड़ितों के बीच मुआवजा राशि वितरित की।गौरतलब है कि हाल के दिनों में हाथियों के झुंड जंगल से भटककर गांवों की ओर आ गए थे, जिससे जन-धन की भारी क्षति हुई। इस संबंध में पीड़ितों ने आनंदपुर वन क्षेत्र कार्यालय में आवेदन देकर मुआवजे की मांग की थी। मुआवजा वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में नुकसान होने पर मुआवजा का प्रावधान है। साथ ही मनुष्यों के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिया कि हाथियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए गांवों में पहुंचें, ताकि मानव एवं वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।इस अवसर पर आनंदपुर के रेंजर तरुण कुमार सिंह, मनोहरपुर के रेंजर रामनंदन राम, झामुमो नेता संजीव गंताइत, राजू सिंह, पिंटू जैन, आशीष गंताइत सहित फॉरेस्टर व वनरक्षी संतोष मरांडी, राकेश रौशन, संजय बांडरा, माखनलाल टुटु, पवन सरदार तथा वन विभाग के अन्य कर्मी और बड़ी संख्या में पीड़ित ग्रामीण उपस्थित थे।