सारंडा के चुरगी गांव में मलेरिया का कहर, पांच दिनों में दो महिलाओं की मौत, आधा दर्जन से अधिक बीमार
मनोहरपुर : झारखंड, पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत मनोहरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती सारंडा क्षेत्र अंतर्गत गंगदा पंचायत के ग्राम चुरगी में मलेरिया ज्वर का प्रकोप गंभीर रूप लेता जा रहा है। बीते पांच दिनों के अंतराल में मलेरिया से ग्रसित दो महिलाओं की मौत से गांव में दहशत का माहौल है, जबकि आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण मलेरिया बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं।इस संबंध में क्रिस्टोंन फाउंडेशन के मुखुकर्ता सह समाजसेवी इंदा जामुदा ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 दिसंबर को 28 वर्षीय महिला जाबनी लागुरी की मलेरिया बुखार से मौत हो गई थी। वहीं दूसरी ओर, 35 वर्षीय महिला तुरी चंपिया ने भी 21 दिसंबर को दम तोड़ दिया। मृतक का अंतिम संस्कार गांव में आज दोपहर बाद किया गया।उन्होंने आगे बताया कि मलेरिया से पीड़ित तीन गंभीर मरीजों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मनोहरपुर भेजा गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। गांव में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र चिकित्सा शिविर, दवा वितरण और मलेरिया रोकथाम के लिए छिड़काव की मांग की है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनोहरपुर में भर्ती मलेरिया ज्वर से पीड़ित मरीजों के नाम इस प्रकार हैं: सिंगा हेम्ब्रोम (04), सुनील लागुरी (13), लारू लागुरी (04)