मनोहरपुर प्रखंड के गिंडुग में दंतेले हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत
मनोहरपुर: मनोहरपुर प्रखंड के कोयना वन क्षेत्र अंतर्गत गिंडुग रेडादिरी टोला में देर रात करीब 10:30 बजे एक दंतेले हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मण बिंरगम (48 वर्ष), निवासी गिंडुग गांव के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात लक्ष्मण बिंरगम अपने घर के बाहर खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक एक दंतेला हाथी गांव में घुस आया और उसके घर पर हमला कर दिया। हाथी को देखकर लक्ष्मण जान बचाने के लिए घर के पीछे की ओर भागा और जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह खुद को बचा नहीं सका। हाथी ने उसे अपनी सूंड़ से लपेटकर घर के बाहर खींच लिया और पटक-पटक कर कुचलते हुए उसकी जान ले ली।बताया गया कि घटना के समय मृतक घर में अकेला था। उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। सुबह घटना की जानकारी मृतक के छोटे भाई सुखराम बिंरगम को मिली, जिसके बाद उन्होंने आजसू नेता शंकर मुंडारी को सूचना दी। इसके पश्चात आजसू नेता द्वारा मनोहरपुर वन विभाग के अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया।सूचना मिलते ही वन विभाग के वनरक्षी अभय कुमार मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। हाथी के हमले के बाद गिंडुग सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल से भटककर गांव में प्रवेश करने वाले हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग प्रशासन से की है। इधर, मनोहरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। प्रशासन एवं वन विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।