जंगली हाथियों का कहर: समता गांव में एक ग्रामीण की कुचलकर मौत, इलाके में दहशत
मनोहरपुर: मनोहरपुर प्रखंड के समता वन क्षेत्र अंतर्गत समता गांव में शनिवार सुबह करीब 9 बजे जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान समता निवासी चंदन जोजो (48) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चंदन जोजो जंगल से सूखी लकड़ी लाने गए थे, तभी अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी को देखकर वे जान बचाने के लिए भागे, लेकिन इसी दौरान गिर पड़े और हाथी ने उन्हें कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।बताया जाता है कि चंदन जोजो वर्षों से जंगल से सूखी लकड़ी एकत्र कर उसे बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे सात बच्चों के पिता थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल देखा जा रहा है।ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने, इलाके में हाथियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इधर, सूचना मिलते ही वन विभाग के वनरक्षी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही विभाग द्वारा मामले की जांच शुरू कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।