जंगली हाथियों का उत्पात जारी, मनोहरपुर–आनंदपुर में दहशत


मनोहरपुर/आनंदपुर : मनोहरपुर और आनंदपुर प्रखंड क्षेत्रों में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक दो ग्रामीणों की मौत और कई कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं के बाद भी सारंडा और पोड़ाहाट जंगल से सटे वनग्राम इलाकों में हाथियों की आवाजाही और हमले लगातार जारी हैं। इससे जहां ग्रामीणों में भय का माहौल है, वहीं वन विभाग की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं।बीते दिनों मनोहरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती गेंडुग गांव में दंतैल हाथी ने लक्ष्मण बीरगम को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। इसके अलावा समठा गांव में चंदन जोजो की भी जंगली हाथियों के हमले में जान चली गई थी। दो ग्रामीणों की मौत के अगले ही दिन उसी दंतैल हाथी ने मृतक लक्ष्मण बीरगम के घर को निशाना बनाया, जिससे घर और उसमें रखा सारा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस भीषण ठंड में पीड़ित परिवार को दूसरे के घर शरण लेने को मजबूर होना पड़ा है।इसी तरह बांधटोली गांव में भी उसी दंतैल हाथी ने श्रीधर नायक के घर, घरेलू सामान और खाने-पीने की सामग्री को भारी नुकसान पहुंचाया। जबकी डिबुली गांव में अमरसिंह कमल के घर को और समठा गांव में हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाते हुए कई घरों में तोड़फोड़ की, जिससे ग्रामीणों को भारी क्षति उठानी पड़ी।
वहीं, बीती रात आनंदपुर प्रखंड के पोड़ाहाट जंगल से सटे बागचट्टा गांव में जयंत जोजोवार और सिकंदर सुंडी के घरों के अलावा गांव गुड़गांव में जंगली हाथियों ने लक्ष्मण खलखो के घर पर हमला कर घर को भारी नुकसान पहुंचाया है। अचानक इस हमले से घर के लोग भागकर जान बचाने में कामयाब हुए। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और वे रातजग्गा करने को विवश हैं।ग्रामीणों ने जंगली हाथियों से जान-माल की सुरक्षा के लिए वन विभाग के अधिकारियों से ठोस और त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में बढ़ते खतरे को प्रभावी रूप से नियंत्रण किया जा सके।

Most Viewing Articles

मनोहरपुर-संत अगस्तिन हाई स्कूल में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित.

गोविन्दपुर निवासी युवक ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

मनोहरपुर में बीईईओ लखींद्र सोरेन के विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन