तेज आंधी-पानी से मनोहरपुर-चिड़िया में मची भारी तबाही, दर्जनों घर क्षतिग्रस्त, कई लोग घायल.
मनोहरपुर : चिड़िया में बुधवार देर शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम का मिज़ाज बिगड़ गया। आकाशीय बिजली की गर्जना के साथ तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा से गांव में दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई लोग घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) शक्तिकुंज और अंचलाधिकारी (CO) प्रदीप कुमार चिड़िया पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाक़ात की और चिड़िया सेल अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना। अधिकारियों ने पीड़ितों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।वहीं प्राकृतिक आपदा के चलते गांव में कई घरों के छप्पर उड़ गए और पेड़ गिरने से कई मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।घायलों में लक्ष्मी खंडाइत (72), अमर हंस, सुलेखा हरिजन को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि राम सडिल के बाएं हाथ में लोहे की चादर से गंभीर जख्म हुआ है। सभी घायलों का इलाज चिड़िया सेल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है और उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्राकृतिक आपदा से सीरम कांडयम, चरण खंडाइत, नंगे हरिजन और सिरिल हंस के घर पूरी तरह से पेड़ गिरने से ढह गए हैं। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कर राहत कार्य चलाए जाने का निर्देश दिया है।साथ ही स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।