सारंडा के चुरगी में दो मौत के बाद लगा मेडिकल कैंप, 70 में 30 मरीजों में मलेरिया के लक्षण

मनोहरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिला के मनोहरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती सारंडा क्षेत्र अंतर्गत गंगदा पंचायत के ग्राम चुरगी में हाल ही में बुखार से पीड़ित दो लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। सोमवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे गांव के ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की भी जांच की गई।कैंप के दौरान रक्त जांच के साथ दवाइयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कुल 70 लोगों की जांच की गई, जिनमें से लगभग 30 मरीजों में मलेरिया के लक्षण पाए गए। बड़ी संख्या में मलेरिया के संदिग्ध मरीज मिलने के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है।सलाई गांव के समाजसेवी इंदा जामुदा ने बताया कि सारंडा का यह क्षेत्र पहले से ही मलेरिया प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। उन्होंने छोटानागरा में एक एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था की मांग करते हुए कहा कि वर्षों से इस संबंध में मांग की जा रही है, लेकिन सरकार द्वारा इसे नजरअंदाज किया जा रहा है। समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण आए दिन इस क्षेत्र में घटनाएं होती रहती हैं, जिसका खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है।वहीं डॉ. चुडंगदेव महंता ने बताया कि जिन महिलाओं की मौत हुई है, उनमें से एक महिला पिछले छह माह से बीमार चल रही थी और उसका इलाज निजी क्लीनिक में कराया जा रहा था। ऐसे में उसकी मृत्यु का सटीक कारण बताना फिलहाल कठिन है।इधर, मेडिकल कैंप के दौरान बड़ी संख्या में मलेरिया के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। जांच में लगभग 50 प्रतिशत मरीजों में मलेरिया के लक्षण मिलना विभागीय लापरवाही की ओर इशारा करता है। एक ही गांव में दो महिलाओं की मौत ने स्थिति की गंभीरता को और उजागर कर दिया है।इस संबंध में मनोहरपुर के मलेरिया निरीक्षक हरविंद्र कुमार ने बताया कि मीडिया के माध्यम से चुरगी गांव में दो मौत की जानकारी मिली थी, हालांकि पहले यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि मौत मलेरिया से हुई है या नहीं। उन्होंने बताया कि अब कैंप लगाकर मरीजों की जांच की गई है और आवश्यक दवाइयां दी गई हैं। आने वाले दिनों में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर भी लोगों की जांच की जाएगी।गौरतलब है कि रविवार शाम 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से चुरगी गांव से तीन मरीजों को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां उनका इलाज जारी है।

Most Viewing Articles

सरहुल पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की गौरवशाली घरोहर. :-जोबा मांझी. मनोहरपुर-सरहुल पूजा महोत्सव पर, तिरला सरना स्थल से निकाली गई भव्य शोभा यात्रा.

मनोहरपुर-8 माह से वेतन नहीं मिलने से,काला बिल्ला लगाकर आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं ने जताया रोष.

मनोहरपुर-ग्राम बरंगा के तीन छात्र, नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2025 में हुए सफल.